दो युवा सरपंचों की जिद और जज्बा, 30 फीट लंबी पहाड़ी काटकर बना डाली सड़क - Upyogi Jankari

Wednesday, 25 April 2018

दो युवा सरपंचों की जिद और जज्बा, 30 फीट लंबी पहाड़ी काटकर बना डाली सड़क


दो युवा सरपंचों की जिद और जज्बा, 30 फीट लंबी पहाड़ी काटकर बना डाली सड़क, 30 की जगह दूरी रह गई 12 किमी राशन लेने के लिए लोग पहाड़ी पर चढ़कर जाते थे, अब नहीं होती है लोगों को परेशानी।

बदनौर(भीलवाड़ा) -दो युवा सरपंचों की जिद और जज्बा देखिए। दोनों ने मिलकर योजना बनाई और 15 फीट ऊंची और 30 फीट लंबी पहाड़ी काटकर सड़क बनवा दी। पहाड़ी के बीच सड़क बनने से अब दोनों पंचायतों के करीब 30 गांवों के लोगों के लिए सीधा रास्ता हो गया है। पहले 30 किलोमीटर चलकर तहसील मुख्यालय बदनौर आते थे, लेकिन अब सिर्फ 12 किलोमीटर दूरी तय कर ग्रामीण यहां पहुंच रहे हैं। वर्षों से ज्यादातर लोग जान जोखिम में डालकर पहाड़ी पर चढ़कर बदनौर जाते थे। कई सरपंचों का कार्यकाल निकल गया।

लोगों ने कई बार नेताओं और अफसरों को बताया, लेकिन किसी ने नहीं सुनी। लोगों की परेशानी देखकर भादसी सरपंच मधु रावत और रतनपुरा सरपंच महेंद्र सिंह रावत ने प्रयास शुरू किए। विधायक रामलाल गुर्जर से मिलकर विधायक कोष से 10 लाख स्वीकृत कराए। उपजिला प्रमुख रामचंद्र सेन की मदद से मंगरा विकास योजना 20 लाख की स्वीकृति मिली। दो महीने में पहाड़ी काटकर 4 महीने में पक्की सड़क का निर्माण करा दिया।


हादसे रोकने को पुलिसकर्मियों ने पहाड़ी काट 10 फीट चौड़ा किया था रास्ता -
राष्ट्रीय राजमार्ग 158 पर विजयनगर चौराहे के पास पहाड़ी पर सड़क सकरी होने से आए दिन हादसे हो रहे थे। हादसे रोकने के लिए सड़क को चौड़ा करना जरूरी था। इसके लिए पुलिस स्टाफ आगे आया। नवंबर 2017 में बदनौर थाना अधिकारी नंदू सिंह राठौड़ के नेतृत्व में पूरा थाना स्टाफ हाईवे पर पहुंच गया। स्टाफ ने जेसीबी मंगवाकर पहाड़ी को काटना शुरू कर दिया। थानेदार व पुलिस कर्मियों ने मलबा उठाया। पुलिस कर्मियों ने पहाड़ी को काटकर सड़क को 10 फीट चौड़ा बना दिया।

No comments:

Post a Comment